

कांठ (मुरादाबाद)। क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान खनन अधिकारी और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध बालू से भरे एक ओवरलोड डंपर को पकड़ लिया। डंपर चालक द्वारा वाहन न रोककर भागने, खनन अधिकारी के साथ अभद्रता करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कांठ पुलिस ने डंपर चालक और मालिक पर एफआईआर दर्ज की है।
कांठ थाना क्षेत्र में खूंटखेड़ा चेक पोस्ट पर खनन अधिकारी नियमित चेकिंग अभियान चला रहे थे, इसी दौरान डंपर संख्या UP21FT2840 करनपुर की ओर से आता दिखाई दिया। खनन अधिकारी राघवेंद्र सिंह द्वारा डंपर को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय खनन अधिकारी से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देता हुआ डंपर लेकर तेज रफ्तार से कांठ की ओर भाग निकला। इसके बाद खनन अधिकारी ने सरकारी वाहन से डंपर का पीछा किया। जिसके बाद मौढ़ी चौराहे पर कस्बा चौकी प्रभारी कांठ उपनिरीक्षक राहुल राघव एवं लेपर्ड पुलिस टीम की सहायता से डंपर को घेराबंदी कर रोका गया। पुलिस और खनन अधिकारी ने करीब 10:15 बजे डंपर को कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान डंपर में साधारण पूछताछ में लू श्रेणी-द्वितीय लदा पाया गया। पूछताछ में डंपर चालक ने अपना नाम अनिल पुत्र अमर सिंह निवासी आवावकरपुर थाना भोजपुर तहसील ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद बताया, जब उससे खनन और परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। खनन अधिकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला अवैध खनन कर चोरी से बालू परिवहन करने का पाया गया है। जांच में डंपर ओवरलोड भी पाया गया।
इस मामले में खनन अधिकारी ने डंपर चालक अनिल और उसके अज्ञात मालिक के विरुद्ध उत्तर प्रदेश खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4), लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। जिस पर कांठ पुलिस ने डंपर और चालक को कब्जे में लेकर कार्रवाई करते हुए चालक और डंपर स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बतादें कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध खनन और ओवरलोड डंपरों को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ। ✍️










