
सागर। वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित “मां तुझे प्रणाम योजना” के अंतर्गत सागर संभाग की 50 बालिकाओं एवं अधिकारियों का दल सोमवार को सागर स्थित खेल परिसर से जबलपुर के भेड़ाघाट एवं पेच नेशनल पार्क भ्रमण हेतु रवाना हुआ। दल को नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने हरी झंडी दिखाकर शुभकामनाओं सहित रवाना किया। इस अवसर पर विधायक लारिया ने कहा कि मां तुझे प्रणाम योजना केवल एक भ्रमण कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, साहस, नेतृत्व क्षमता एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसी योजनाएं विद्यार्थियों को अपने प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहरों से परिचित कराते हुए उनमें आत्मविश्वास, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का विकास करती हैं। विधायक लारिया ने बालिकाओं से भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि यात्रा केवल नए स्थानों को देखने का अवसर नहीं होती, बल्कि सीखने, समझने और स्वयं को बेहतर बनाने का भी माध्यम होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। हरी झंडी मिलते ही बालिकाओं के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता झलक उठी। भ्रमण दल में शामिल प्रतिभागियों ने यात्रा को लेकर विशेष उत्सुकता व्यक्त की। पूरे खेल परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी प्रदीप अभिद्रा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वीनू राणा, मंगल यादव, प्रेम नीति, खेल प्रशिक्षक एवं खिलाड़ीगण उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मां तुझे प्रणाम योजना के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने, उनके व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने तथा प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। योजना के सकारात्मक परिणामों से युवाओं में आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता निरंतर सुदृढ़ हो रही है।











