
प्रयागराज में शास्त्री पुल मरम्मत के चलते मीरजापुर में भारी वाहनों की नो-एंट्री अवधि बढ़ी
16 जून को 30 जून तक रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक रहेगी छूट गातायात सुचारु रखने के लिए जारी हुआ आदेश
वन्दे भारत न्यूज ब्यूरो इंद्रजीत सिंह की रिपोर्ट
मीरजापुर। प्रयागराज स्थित शास्त्री पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण भारी वाहनों का दबाव मिर्जापुर जनपद में लगातार बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए प्रभारी यातायात, मिर्जापुर ने पूर्व में लागू नो-एंट्री व्यवस्था में संशोधन करते हुए नया आदेश जारी किया है। जारी प्रेस नोट के अनुसार, प्रयागराज में शास्त्री पुल का मरम्मत कार्य 3 जून से 15 जुलाई 2026 तक संचालित है, जिसके चलते भारी वाहनों का प्रयागराज में प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। परिणामस्वरूप मिर्जापुर के शास्त्री ब्रिज होकर औराई-गोपीगंज मार्ग से सोनभद्र एवं मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ गई है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आमजन की सुविधा और सुगम यातायात संचालन को ध्यान में रखते हुए 16 जून 2026 से 30 जून 2026 तक भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री व्यवस्था में संशोधन किया गया है। नए आदेश के तहत रात 10:00 बजे से प्रातः 7:00 बजे तक भारी वाहनों को नो-एंट्री से छूट प्रदान की जाएगी। प्रभारी यातायात ने बताया कि यह व्यवस्था फिलहाल अल्प अवधि के लिए लागू रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर आगे अलग से आदेश जारी कर नो एंट्री के समय में पुनः बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से जारी निर्देशों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।









