

सागर। वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी कमिश्नर्स और कलेक्टर्स के साथ आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट री परीक्षा की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन आयोजित हो रही इस परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री ने कड़ी सुरक्षा और चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।इस उच्च स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सागर एनआईसी कक्ष से संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी, डीआईजी एस एस चौहान, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सजनिया, सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन और सिटी कोऑर्डिनेटर मनीष गुप्ता उपस्थित रहे।
*सागर जिले में बनाए गए 5 केंद्र, 2769 परीक्षार्थी होंगे शामिल* सिटी कोऑर्डिनेटर मनीष गुप्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सागर शहर में पुनः परीक्षा के लिए कुल 5 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिसमें आर्मी पब्लिक स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ,पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्र. 1 सागर , शासकीय कन्या स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्र. 3 शामिल है। इन केंदों पर 2769 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए दो-स्तरीय सुरक्षा घेरा तय किया गया है। बाहरी सुरक्षा परत राज्य पुलिस/होमगार्ड के पास होगी, जबकि आंतरिक सुरक्षा की कमान एन टी ए द्वारा नियुक्त विशेष एजेंसी के हाथों में रहेगी। केंद्रों पर तैनात कुल बल में कम से कम 50ः महिला पुलिसकर्मी शामिल रहेंगी ताकि महिला अभ्यर्थियों की अलग से सुगम जांच हो सके। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा की कमान एएसआई या हेड कांस्टेबल स्तर के जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के पास रहेगी।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिला स्तरीय समन्वय समिति के तहत 3-4 केंद्रों पर 1-1 नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। परीक्षा के दिन प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और सुचारू व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में सेक्टर व ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। इसके साथ ही, परीक्षा ड्यूटी में लगने वाले सभी वाहनों की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश है।
*परीक्षार्थियों और अभिभावकों के लिए विशेष सुविधाएं*
भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए विशेष गाइडलाइन जारी की है। प्रत्येक केंद्र पर जनरेटर की अनिवार्य व्यवस्था रहेगी। साथ ही, केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में शीतल पेयजल, ग्लूकोज और ओआरएस के घोल और कुछ नॉरिशमेंट उपलब्ध रहेंगे। आकस्मिक परिस्थितियों के लिए एम्बुलेंस, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और स्टाफ नर्स की तैनाती रहेगी। इसके अलावा, परीक्षार्थियों के सामान की सुरक्षा के लिए श्क्लॉक रूमश् भी स्थापित किए जाएंगे। केंद्रों के सामने ऑटो रिक्शा या अन्य वाहनों से लगने वाले जाम को रोकने के लिए यातायात पुलिस की विशेष पेट्रोलिंग सुनिश्चित की गई है। संभाग कमिश्नर और कलेक्टर ने संयुक्त रूप से कहा कि परीक्षा की गरिमा और शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ इस परीक्षा को पूरी तरह निर्विघ्न संपन्न करवाएंगे।









