

शाहाबाद (हरदोई)। शाहाबाद नगर के अल्हापुर तिराहा स्थित टैक्सी स्टैंड पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी आलोक राज नारायण की सख्त और सक्रिय कार्यशैली एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। लगातार मिल रही अवैध उगाही की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने स्वयं सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वसूली करते दो लोगों को रंगे हाथ पकड़वाकर स्पष्ट संदेश दिया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

बताया जाता है कि टेंपो चालकों से जबरन वसूली की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं। शिकायतों की सत्यता परखने के लिए एएसपी आलोक राज नारायण बिना किसी तामझाम के सामान्य व्यक्ति की तरह बाइक से टैक्सी स्टैंड पहुंचे। उन्होंने कुछ देर तक चुपचाप गतिविधियों पर नजर रखी और जैसे ही दो व्यक्ति चालकों से पैसे लेते दिखाई दिए, तत्काल पुलिस टीम को बुलाकर दोनों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सतीश राठौर निवासी शाहाबाद और विनोद सिंह निवासी पाली के रूप में हुई है। दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली भेज दिया गया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध वसूली करने वाले अन्य लोगों में भी हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कई संदिग्ध व्यक्ति वहां से खिसकते नजर आए। वहीं टेंपो चालकों और स्थानीय लोगों ने एएसपी की इस कार्रवाई की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद किसी वरिष्ठ अधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की है, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
एएसपी आलोक राज नारायण ने कहा कि जनहित के विरुद्ध कार्य करने वाले, अवैध वसूली करने वाले तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शाहाबाद क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
क्षेत्र में चर्चा है कि एएसपी आलोक राज नारायण की सक्रिय, निष्पक्ष और सख्त कार्यशैली से अपराधियों में भय का माहौल है, जबकि आम जनता और वाहन चालकों में सुरक्षा तथा पुलिस के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है।








