
बुढ़मू थाना में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम, लोगों की समस्याओं का मौके पर किया गया त्वरित निष्पादन।।
“थाना प्रभारी नवीन शर्मा ने कहा- आम जनता की समस्या हमारी प्राथमिकता, समय-समय पर आयोजित होगा समाधान कार्यक्रम”
रिपोर्टर / राशीद अंसारी
बुढ़मू। वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर बुधवार 1 जुलाई को बुढ़मू थाना परिसर में आम जनता की समस्याओं के समाधान एवं पुलिस-जनता संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई ग्रामीणों और आम नागरिकों ने पहुंचकर अपनी-अपनी समस्याएं एवं शिकायतें थाना प्रभारी के समक्ष रखीं। थाना प्रभारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया।
इस मौके पर थाना प्रभारी नवीन शर्मा ने कहा कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान न होना पड़े, इसी उद्देश्य से जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे। इसकी सूचना पहले ही समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जन शिकायत कार्यक्रम में आने वाले सभी आवेदनों पर निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े मामलों में आम लोगों के सुझाव भी लिए जाएंगे। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं को खुलकर पुलिस के समक्ष रखें, ताकि उनका समाधान किया जा सके।
शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध
बुढ़मू थाना की ओर से बताया गया कि आम नागरिक थाना परिसर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा फोन कॉल एवं व्हाट्सऐप नंबर 9431706190 के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। थाना परिसर में रखी शिकायत पेटिका में आवेदन डालकर भी लोग अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।







