
*फर्जी पत्रकारों पर बड़ा प्रहार! अपराध छिपाने को पत्रकारिता की आड़ लेने वालों पर भी होगा सख्त एक्शन*
लखनऊ
पत्रकारिता की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वाले फर्जी पत्रकारों तथा अवैध रूप से “प्रेस” लिखे वाहन चलाने वालों के खिलाफ उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) ने 30 जुलाई से प्रदेशव्यापी महाअभियान चलाने की घोषणा की है। अभियान का शुभारंभ 30 जुलाई को सुबह 10 बजे लखनऊ के हजरतगंज चौराहे से किया जाएगा।
समिति के संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी ने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट की टिप्पणी ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रेस की स्वतंत्रता का सम्मान आवश्यक है, लेकिन उसके नाम पर किसी भी प्रकार का दुरुपयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज सेवा और लोकतंत्र की जिम्मेदारी है, न कि निजी स्वार्थ या अवैध गतिविधियों का संरक्षण।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी जो अपने कथित आपराधिक कृत्यों, अवैध वसूली, दबंगई या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को छिपाने अथवा प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बनाने के लिए पत्रकारिता का चोला ओढ़ते हैं। ऐसे मामलों में संबंधित तथ्यों के आधार पर सक्षम अधिकारियों से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
प्रभात कुमार त्रिपाठी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य वास्तविक और निष्पक्ष पत्रकारों को परेशान करना नहीं, बल्कि पत्रकारिता की साख को धूमिल करने वाले फर्जी तत्वों को बेनकाब करना है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग बिना वैध पहचान, बिना संस्थान और बिना पत्रकारिता के दायित्व के स्वयं को पत्रकार बताकर कानून का दुरुपयोग कर रहे हैं, वे समय रहते ऐसी गतिविधियां बंद कर दें, अन्यथा अभियान के दौरान उनकी पहचान कर प्रशासन को कार्रवाई के लिए सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान में समिति के अध्यक्ष विक्रम राव, महासचिव ज्ञानेश पाठक, सभी प्रदेश पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार शामिल रहेंगे। पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक पुलिस, डीआईजी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भी अभियान में सहयोग का अनुरोध किया गया है।
समिति के प्रवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मीकांत तिवारी ने कहा कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पत्रकारिता की गरिमा, विश्वसनीयता और समाज के विश्वास की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के जिम्मेदार पत्रकारों से इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।









