सिद्धार्थनगर में ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ महासंकल्प अभियान,
पीएम मोदी ने युवाओं से किया वर्चुअल संवाद
सिद्धार्थनगर, 2 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत MY Bharat द्वारा “Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat” अभियान के तहत विकास भवन स्थित अंबेडकर सभागार में राष्ट्रव्यापी “01 करोड़ + महासंकल्प अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित करते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में MY Bharat के स्वयंसेवकों, माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत की सामूहिक शपथ ली। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी युवाओं से नशा उन्मूलन को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
मुख्य कार्यक्रम से पहले मेडिकल कॉलेज के व्यसन उपचार केंद्र (ATF) में जागरूकता अभियान और वृक्षारोपण किया गया। मनोचिकित्सा विभाग के डॉक्टरों ने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के साथ मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन पर जानकारी दी।
अंबेडकर सभागार में नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। सदर विधायक श्यामधनी राही ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि युवा यदि नशे से दूर रहकर शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएं तो विकसित भारत का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।
जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान ने युवाओं से समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। वहीं डॉ. विशाल गौतम और डॉ. दीपक कुमार ने कहा कि जागरूकता, समय पर परामर्श और उचित उपचार से नशे की लत से बाहर निकला जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने नशामुक्ति विषय पर अपने विचार साझा किए। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।



