हज-2027 के लिए उत्तर प्रदेश के 22,510 आवेदकों का चयन
10 अगस्त तक जमा करनी होगी पहली किश्त
सिद्धार्थनगर से हज-2027 के लिए आवेदन करने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा ऑनलाइन कुर्रा के माध्यम से उत्तर प्रदेश के 22,510 आवेदकों का चयन कर लिया गया है। चयनित यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक पहली किश्त के रूप में 1 लाख 52 हजार 300 रुपये जमा करने होंगे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने सभी चयनित हज यात्रियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा चयनित यात्रियों की सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज दी गई है। चयनित यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करा दी गई है, जहां कवर नंबर और बैंक रेफरेंस नंबर भी अंकित हैं।
चयनित प्रत्येक हज यात्री को 10 अगस्त 2026 तक पहली किश्त के रूप में 1,52,300 रुपये यूनियन बैंक ऑफ इंडिया या भारतीय स्टेट बैंक के निर्धारित खाते में जमा करने होंगे। भुगतान ऑनलाइन, हज सुविधा ऐप, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से भी किया जा सकता है।
धनराशि जमा करने के बाद यात्रियों को पे-इन स्लिप, हस्ताक्षरित आवेदन पत्र, घोषणा पत्र, पासपोर्ट घोषणा पत्र तथा मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाणपत्र हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल पर अपने लॉगिन आईडी से अपलोड करना होगा।
यदि किसी यात्री को दस्तावेज़ अपलोड करने में परेशानी होती है, तो उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के कार्यालय तथा जनपद के हज ई-सुविधा केंद्रों पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सिद्धार्थनगर ने सभीचयनित हज यात्रियों से समय रहते पहली किश्त जमा कर आवश्यक दस्तावेज़ अपलोड करने की अपील की है, ताकि आगे की प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।







