

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर
गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर अवैध वसूली और अनुशासनहीनता के आरोप सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में मरदह थाने में तैनात तीन सिपाहियों अजय सिंह, युवराज सिंह और दीपू कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि वे मरदह टोल प्लाजा के पास वाहन खड़ा कर कथित रूप से अवैध वसूली करते थे। शिकायत और मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद इसकी गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तीनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि तीनों सिपाही 2025 बैच के हैं और प्रशिक्षण पूरा करने के बाद करीब तीन महीने पहले ही पुलिस सेवा में आए थे। निलंबित पुलिसकर्मियों में शामिल अजय सिंह सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर भी चर्चा में रहे हैं, जिसके चलते पुलिसकर्मियों के आचरण और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठे हैं।
पुलिस विभाग की कार्रवाई के बाद महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार, अवैध वसूली, अनुशासनहीनता अथवा पुलिस की छवि खराब करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे भी कठोर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस की इस कार्रवाई को विभागीय अनुशासन बनाए रखने और आमजन में पुलिस की विश्वसनीयता कायम रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








