
नाली के विवाद में परिवार के सदस्यों को पीटा
हाथरस सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के रतनपुर गांव में नाली के विवाद को लेकर एक परिवार के तीन सदस्यों को पीटकर घायल कर दिया गया। – पीड़ित शिवकरन ने तीन आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिवकरन ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब 8:30 बजे गांव के शिव सिंह, अंकुरेंद्र और दीपेंद्र नाली के विवाद पर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। वह लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आई उसकी पुत्रवधू गीता देवी और छोटे भाई की पत्नी मीना को भी आरोपियों ने पीटा। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कॉलेज गई छात्रा को ले गया युवक
हाथरस सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 20 वर्षीय छात्रा को युवक अपने साथ ले गया। छात्रा के भाई ने कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में छात्रा के भाई का कहना है कि उसकी बहन 10 अगस्त की सुबह आठ बजे करीब हाथरस के एक महाविद्यालय में पढ़ने गई थी। देर शाम तक वह घर नहीं लौटी। तलाश करने पर पता चला कि उसे सूरज उर्फ राजा अपने साथ ले गया। थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छात्रा की तलाश में जुट गई है।
युवक को पीटकर किया घायल, रिपोर्ट दर्ज
हाथरस सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव बाजिदपुर में आरोपी ने एक युवक को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अनिकेत ने कराई रिपोर्ट में कहा है कि 12 अगस्त की रात्रि नौ गांव के ही सचिन शर्मा उसे व उसके भाई हर्षित के साथ बेवजह गाली-गलौज कर रहा था। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके सिर पर कड़े से प्रहार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।
खेत के विवाद में युवती का गला दबाया
हाथरस सिकंदराराऊ। गांव सराय में खेत के विवाद को लेकर एक युवती पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़िता की मां गुड्डी देवी ने दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गुड्डी देवी के अनुसार, 11 अगस्त की रात करीब 11 बजे विनय, रतन और दो अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने मनु की गर्दन दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और मारपीट कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी हवाई फायर करते हुए भाग गए। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू
कर दी गई है।

