
नीमच / भोपाल –
संविदा नीति 2023 लागू किए जाने की मांग को लेकर स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारियों ने आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय भोपाल पर प्रदर्शन किया। एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले आज विभिन्न जिलों से कर्मचारी राजधानी पहुंचे और अपनी आवाज बुलंद की। एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष विजय ठक्कर के मुताबिक पूर्व सरकार ने चुनाव से पहले संविदा नीति-2023 लागू की थी जिसमें कर्मचारियों को रिक्त पदों पर नियुक्ति या नियमित पदों के समकक्ष 90 प्रतिशत वेतन देने का वादा किया था लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में इस नीति का पालन नहीं हो सका है। कर्मचारियों की सेवा शर्तों नई नीति के अनुसार निर्धारित नहीं की गई अनुकंपा नियुक्ति और नेशनल पेंशन स्कीम का लाभ नहीं दिया जा रहा है, नियमित पदों पर भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण सहित कर्मचारी हित के अनेक मुद्दों की ओर से बार-बार ध्यान आकृष्ट कराए जाने के बाद भी समाधान नहीं होने पर आंदोलनात्मक कदम उठाना पड़ा है।


