
अंबेडकरनगर। अकबरपुर में युवक का अपहरण कर दूसरी युवती से जबरन विवाह कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पत्नी ने कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। इस बीच सामाजिक संस्था हुसैनी सोशल फ्रंट अध्यक्ष ने पूरे मामले को शिया पर्सनल लॉ बोर्ड व मुख्यमंत्री की संज्ञान में मामला लाने की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में मोहिउद्दीनपुर ताजपुर गांव निवासी उम्मे जहरा ने बताया कि गत एक अक्तूबर को उसके पति मोहम्मद हसन का गांव के ही कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद तमंचा दिखाकर उसके पति का निकाह दूसरे समुदाय की एक युवती से कर दिया। आरोप है कि विपक्षी उसे पति से मिलने भी नहीं दे रहे। तरह-तरह की धमकी दे रहे हैं। महिला ने मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित कराए जाने व उसके पति को उनके चंगुल से छुड़ाने की मांग की है।
इस बीच सामाजिक संस्था हुसैनी सोशल फ्रंट ने पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए शुक्रवार को अकबरपुर नगर में आपात बैठक की। अध्यक्ष रेहान जैदी ने कहा कि बीते कुछ माह से ताजपुर व आसपास के क्षेत्र में इस तरह के मामलों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कोतवाली पुलिस से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की मांग की। साथ ही तय किया गया कि शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ पहुंचकर शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के पदाधिकारियों के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा। ज्ञापन सौंपने के साथ ही मामले में सख्त कदम उठाए जाने की मांग करेगा।







