A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशताज़ा खबर

बढ़ेगी उपकेंद्रों की क्षमता, बेहतर होगी बिजली सप्लाई

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज अंबेडकर नगर

अंबेडकर नगर
जिले की बिजली सप्लाई व्यवस्था को 84 करोड़ के खर्च से दुरुस्त बनाया जाएगा। पॉवर कॉरपोरेशन ने बिजनेस प्लान 2025-26 के तहत कराए जाने वाले कार्यों का खाका तैयार कर मंजूरी के शासन के पास भेजा है।
इसके तहत पुराने उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाने, नई लाइन के निर्माण, जर्जर बिजली के तारों को बदलने, एलटी लाइन तैयार करने तथा बिजली के जर्जर खंभों को बदलने आदि का काम होगा।
जनपद गठन से पहले 15 बिजली घरों के माध्यम से जिले में एक छोर से दूसरे छोर तक बिजली पहुंचाई जाती रही है। आबादी बढ़ने के साथ ही जरूरत के हिसाब से बिजली सप्लाई की क्षमता को भी बढ़ाया। इसके लिए नये बिजली घरों का निर्माण हुआ। वर्तमान में 23 लाख से अधिक आबादी को 42 बिजली उपकेंद्रों के माध्यम से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। बिजली घरों पर उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने से बिजली की लाइनें लंबी तो हुई, लेकिन बिजली घरों की क्षमता बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया।
10 बिजली घरों की बढ़ेगी क्षमता
लगातार बढ़ रही उपभोक्ताओं की संख्या के कारण काफी संख्या में पुराने बिजली घर ओवरलोड चल रहे हैं। ऐसे में सवा सात करोड़ रुपये की लागत से मरैला, बरवां बैरमपुर, हंसवर, टांडा, सिविल लाइन, शहजादपुर, मरैला समेत 10 ओवरलोड बिजली घरों पर क्षमता वृद्धि का कार्य कराया जाएगा। इस धनराशि से यहां नये ट्रांसफार्मर की स्थापना के साथ ही अन्य कार्य होंगे।
छह करोड़ से बदलेंगे जर्जर तार व खंभे
आए दिन हादसे का सबब बन रहे खुले बिजली के तारों के स्थान पर बंच केबल लगाने के कार्य पर छह करोड़ 72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही जर्जर एलटी लाइन को भी बदला जाएगा। लटकते बिजली के तारों को ठीक करने और नयी लाइन बिछाने के लिए 500 से अधिक बिजली के खंभे लगेंगे। इसके अलावा जिला मुख्यालय समेत ग्रामीणांचल क्षेत्र में हादसे को दावत दे रहे खुले बिजली के तारों के नीचे गार्डिंग का कार्य भी होगा।
नई सप्लाई लाइन के साथ अन्य काम भी
प्रस्तावित कार्ययोजना में 62 लाख रुपये से चार 33 केवीए लाइन, 151 स्थानों पर 11 केवीए नयी लाइन का निर्माण, 23 लाख 80 हजार रुपये की लागत से पांच बिजली घरों में बिजली लाइन को विभाजित करने का ब्रेकर, एक करोड़ 18 लाख रुपये से 14 स्थानों पर अर्थिंग लाइन बिछाने का काम भी होगा।
इसके साथ ही दो करोड़ की लागत से 33 केबीए बिजली लाइन की मरम्मत व नवीन लाइन का निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है। वर्तमान में बिजली घर के पास चार ट्राली ट्रांसफार्मर है। गर्मी के मौसम में आए दिन फाल्ट होने पर बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने में ये पर्याप्त नहीं है। ऐसे में बिजनेस प्लान के तहत आठ नये ट्राली ट्रांसफार्मर की खरीदारी करने की योजना भी है।

बिजली सुधार के कार्यों के लिए प्रस्ताव भेजे गए हैं। शासन से स्वीकृति मिलते ही बिजनेस प्लान के तहत होने वाले इन कार्यों को शुरू कराया जाएगा। इससे बिजली सप्लाई बेहतर होने का सीधा फायदा उपभोक्ताओं को मिलेगा। -संजय कुमार, अधीक्षण अभियंता

ANGAD YADAV AMBEDKAR NAGAR UP

🌺 वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज एवं समाचार पत्र 🎥 उत्तर प्रदेश 🌺🌺
Back to top button
error: Content is protected !!