
आलापुर (अंबेडकरनगर)। छप्पर जलाने के आरोप में पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान समेत पांच नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। रामनगर में अवैध अतिक्रमण को हटवाने के लिए रामनगर महुवर ग्राम पंचायत के पूर्व ग्राम प्रधान सालिकराम मिश्र ने उपजिला अधिकारी को पत्र लिखकर सीमांकन करने का मांग की थी।
एसडीएम ने संयुक्त टीम बनाकर पैमाइश कराई तो शिकायत सही पाई गई। अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी दिया गया, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। आरोप है कि बीते मंगलवार को मामूली कहासुनी में अतिक्रमणकर्ता रामकिशुन के पुत्र श्रवण कुमार ने पूर्व प्रधान सालिकराम मिश्र व उनकी पत्नी अंबिका देवी पर जानलेवा हमला बोल दिया। इसका केस भी थाने में दर्ज है। इस बीच गत दिवस मामले में तब नया मोड़ आ गया जब अतिक्रमणकर्ता के छप्पर में किसी ने आग लगा दी। इस पर अतिक्रमणकर्ता ने पूर्व प्रधान पर छप्पर फूंकने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। भीम आर्मी के प्रदर्शन आदि के चलते पुलिस ने अब पूर्व प्रधान समेत पांच नामजद व छह अज्ञात पर आगजनी, मारपीट व एससी एसटी की धाराओं में केस दर्ज किया है।



