
अंबेडकर नगर
डीएम अविनाश सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रगति की समीक्षा की। आवेदन के सापेक्ष कम बीमा होने पर डीएम ने जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई।
गेहूं की फसल का बीमा कराने के लिए 50 हजार से अधिक किसानों ने आवेदन किया था। जांच में 40 हजार किसान इसमें पात्र पाए गए थे। इसके बाद भी विभिन्न बैंकों ने अभी तक 13 हजार किसानों का ही बीमा प्रीमियम की कटौती कर योजना के पोर्टल पर फीडिंग कराई जा सकी है। शुक्रवार को डीएम अविनाश सिंह ने समीक्षा की तो बैंक अधिकारियों ने किसानों द्वारा त्रुटि पूर्ण आवेदन करने की जानकारी दी गई। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए 31 दिसंबर तक ज्यादा से ज्यादा पात्र मिले किसानों की प्रीमियम की कटौती कर पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। बैंकों व बीमा कंपनी के जिला समन्वयक को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि यदि फसल बीमा न करने के कारण किसी पात्र किसान को क्षतिपूर्ति से वंचित होना पड़ा तो संबंधित बैंक शाखा प्रबंधक व दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
उप कृषि निदेशक अश्विनी सिंह और एलडीएम कमलेश भास्कर ने योजना की समीक्षा करने एवं अपेक्षित प्रगति के लिए निर्देशित किया। साथ ही सभी को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का किसानों को लाभ दिलाए। बैठक में जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय समेत विभिन्न बैंक के मैनेजर व कर्मचारी मौजूद रहे।








