
एएमयू प्रशासन ने काज़ी ज़ैन -उस – सजीदीन सिद्दीकी के निधन पर की श्रद्धांजलि अर्पित

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय बिरादरी ने धर्मशास्त्र संकाय के पूर्व डीन और सुन्नी थियोलॉजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष , प्रोफेसर काज़ी ज़ैन -उस- साजीदीन सिद्दीकी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है । एएमयू की कुलपति , प्रोफेसर नईमा खातून ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें एक विनम्र और विद्वान व्यक्तित्व के रूप में याद किया । उनके निधन पर विभाग भी एक शोकसभा आयोजित की गई , जिसमें शिक्षकों , छात्रों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया । शोक सभा की अध्यक्षता करते हुए फैकल्टी ऑफ थियोलॉजी के डीन और विभागाध्यक्ष , प्रोफेसर मुहम्मद हबीबुल्लाह क़ासमी ने प्रोफेसर सिद्दीकी की सिद्धांतों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित किया । पूर्व डीन , प्रोफेसर मुहम्मद सऊद आलम क़ासमी ने मुस्लिम समाज से जुड़े सामाजिक और धार्मिक मुद्दों में उनकी गहरी रुचि को याद किया । फैकल्टी के पूर्व , प्रोफेसर तौकीर आलम फलाही ने उन्हें एक समर्पित शिक्षक और मार्गदर्शक बताया , जबकि डॉ . सैयद मुहम्मद असगर ने उनके साहस की सराहना की , जो उन्होंने जटिल विषयों पर चर्चा के दौरान प्रदर्शित किया । अन्य शिक्षकों , जिनमें प्रोफेसर मुहम्मद राशिद , डॉ . नदीम अशरफ और डॉ . उबैद इक़बाल आसिम शामिल थे , ने उनके ज्ञान , उदारता और समाज व विश्वविद्यालय पर पड़े उनके स्थायी प्रभाव की यादें साझा कीं ।




