
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक महुली शाखा ने मनाया स्वर्ण जयंती समारोह
महुली, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
दुद्धी ब्लॉक के महुली स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर स्वर्ण जयंती समारोह बड़े धूमधाम से मनाया। बैंक परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और सभी बैंक कर्मियों ने हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और केक काटकर की गई। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक राहुल सिंह ने कहा –
“यह बैंक पिछले 50 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिक धारा को मजबूती प्रदान कर रहा है। ग्राहकों के विश्वास और सहयोग से ही आज यह मुकाम हासिल हुआ है। हमारा प्रयास रहेगा कि आने वाले समय में भी हम सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएं।”
कार्यक्रम में हेड कैशियर राकेश सिंह ने कहा –
“ग्रामीण जनता की छोटी-छोटी बचत ने बैंक को बड़ी उपलब्धियां दिलाई हैं। ग्राहक हमारे लिए परिवार की तरह हैं।”
वहीं बैंक बीसी शहजाद आलम और महेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से कहा –
“गांव-गांव तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है। आने वाले वर्षों में डिजिटल सेवाओं को और सुलभ बनाया जाएगा।”
इस अवसर पर ग्राहकों को मिठाई वितरित की गई और कुछ वरिष्ठ ग्राहकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया।
अंत में बैंक कर्मियों ने संकल्प लिया कि वे ग्रामीणों की आर्थिक उन्नति और विकास में निरंतर सहयोग करते रहेंगे।











