A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशताज़ा खबरदेश

सहारनपुर नगर निगम का सख्त एक्शन: 850 टैक्स बकायादारों की कुर्की की तैयारी, किराया न देने पर पांच दुकानें सील

साढ़े छह लाख किराया न जमा करने पर पांच दुकानों पर निगम की सीलिंग कार्रवाई

WhatsApp Image 2025 11 07 at 1.11.54 PM

सहारनपुर नगर निगम का सख्त एक्शन: 850 टैक्स बकायादारों की कुर्की की तैयारी, किराया न देने पर पांच दुकानें सील

सहारनपुर नगर निगम का बड़ा एक्शन: टैक्स और किराया बकायादारों पर टूटी सख्ती की गाज — 850 बड़े टैक्स बकायादारों की कुर्की की तैयारी, ₹6.60 लाख किराया न जमा करने पर पांच दुकानों पर निगम ने लगाई सील

सहारनपुर। नगर निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए टैक्स और किराया बकायादारों पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम की ओर से चलाए जा रहे इस व्यापक वसूली अभियान में सोमवार को गुरुद्वारा रोड स्थित नगर निगम की पांच दुकानों को किराया जमा न करने पर सील कर दिया गया। इन दुकानों पर कुल ₹6 लाख 60 हजार रुपये से अधिक का बकाया था। वहीं निगम प्रशासन ने अब 850 बड़े टैक्स बकायादारों की कुर्की की तैयारी भी पूरी कर ली है। जिन बकायादारों ने बार-बार नोटिस के बावजूद टैक्स नहीं चुकाया है, उन पर अब सख्त कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब बकायादारों के प्रति किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। कर अधीक्षक सुधीर शर्मा ने बताया कि नगरायुक्त के निर्देशानुसार बड़े बकायादारों की पहचान कर उनके खिलाफ कुर्की अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिनसे टैक्स वसूली की जाएगी, उनसे कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई में लगे खर्चे की वसूली भी की जाएगी। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि बाकी करदाताओं में संदेश जाए कि टैक्स जमा करना नागरिक जिम्मेदारी के साथ-साथ कानूनी बाध्यता भी है।

सुधीर शर्मा ने यह भी बताया कि करदाताओं की सुविधा के लिए निगम की ओर से विशेष छूट योजना लागू की गई है। यदि कोई करदाता 30 नवंबर तक ऑनलाइन टैक्स भुगतान करता है तो उसे 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी, जबकि ऑफलाइन टैक्स जमा करने वालों को 5 प्रतिशत की राहत दी जाएगी। इसके अलावा महानगर में हर दिन चार टैक्स कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां मौके पर टैक्स जमा कराकर लोग छूट का लाभ ले सकते हैं।

नगरायुक्त शिपू गिरि ने शहर के सभी करदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों को अभी तक टैक्स बिल प्राप्त नहीं हुए हैं, वे नगर निगम कार्यालय में जाकर स्वयं बिल प्राप्त करें और तुरंत टैक्स जमा कराएं। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि जो लोग समय पर टैक्स जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कुर्की, सीलिंग और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगरायुक्त ने कहा कि जिन लोगों को GIS सर्वे के नोटिस मिले हैं, वे अपने संपत्ति विवरण का निस्तारण कराकर स्वयं निर्धारण प्रपत्र भरें और राशि जमा करें ताकि उन्हें टैक्स छूट का लाभ मिल सके।

सोमवार को निगम द्वारा की गई कार्रवाई में गुरुद्वारा रोड स्थित पांच दुकानों को सील किया गया, जिन पर किराया बकाया था। इनमें राकेश (दुकान नंबर-1, प्रथम तल) पर ₹87,941, विनोद कुमार (दुकान नंबर-13) पर ₹2,45,733, नरेश कुमार (दुकान नंबर-15) पर ₹45,839, सुनील ठकराल (दुकान नंबर-18) पर ₹1,35,558 और हाजी जाबाज खान (दुकान नंबर-3, ग्राउंड फ्लोर) पर ₹1,44,951 रुपये का किराया बकाया था। निगम अधिकारियों ने सभी को पूर्व में नोटिस भेजे थे, लेकिन निर्धारित समय में किराया जमा न करने पर आखिरकार यह कार्रवाई की गई।

इसके अलावा शहीद गंज क्षेत्र में आठ दुकानदारों से ₹1,15,217 की वसूली की गई, जबकि महानगर में लगाए गए चार वसूली कैंपों से ₹2,90,000 रुपये की राशि टैक्स के रूप में प्राप्त हुई। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह अभियान अब लगातार चलेगा और किसी भी बकायादार को बख्शा नहीं जाएगा।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान कर अधीक्षक सुरेंद्र सिंह, आरआई मनीष चौहान, टीसी आशीष कुमार, विजय नागपाल तथा प्रवर्तन दल की टीम मौके पर मौजूद रही। टीम ने सीलिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी दुकानों को नियमानुसार बंद कराया।

नगर निगम के इस अभियान से बकायादारों में हड़कंप मच गया है, जबकि ईमानदारी से टैक्स देने वाले नागरिकों ने निगम के इस कदम की सराहना की है। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से न केवल राजस्व में वृद्धि होगी बल्कि नागरिकों में टैक्स के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ेगी।

✍️ रिपोर्ट: एलिक सिंह
संपादक – वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ / दैनिक समाचार दर्शन, सहारनपुर
📞 8217554083

 

Back to top button
error: Content is protected !!