

डीडवाना-कुचामन, में जिला कलक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय कार्यालयों एवं विभिन्न विभागों को भूमि आवंटन का कार्य लगातार किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने जिले में परबतसर के बिठवालिया व कुण्डरी में तथा कुचामन के आनंदपुरा व पलाडा में ग्राम सेवा सहकारी समिति के लिए भूमि आवंटन के आदेश जारी किये है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया ने बताया कि जिला कलक्टर डॉ खड़गावत के निर्देश पर परबतसर तहसील के ग्राम बिठवालिया में 0.1500 हैक्टेयर व ग्राम कुण्डरी के लिए मौजा मिण्डकिया में 0.0700 हैक्टेयर, इसी प्रकार से कुचामन तहसील के ग्राम आनंदपुरा में 0.1250 हैक्टेयर तथा ग्राम पलाडा में 0.1500 हैक्टेयर भूमि का आवंटन ग्राम सेवा सहकारी समिति के गोदाम व कार्यालय निर्माण के लिए किया है।
उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर डॉ खड़गावत के निर्देशन में जिले में जिस भी राजकीय विभाग, कार्यालय, तथा विद्यालयों के पास भवन निर्माण एवं खेल मैदान के लिए प्रस्ताव प्राप्त होते ही शीघ्र ही भूमि आवंटित की जायेगी। जिससे जिले में जनसुविधाओं का विस्तार हो सकेगा और आमजन को सुविधा मिल सके।











