

गाजीपुर/नई दिल्ली। यूजीसी विनियम के समर्थन में अपनी जनता पार्टी द्वारा 17 मार्च 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य करेंगे। पार्टी ने इसे शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की लड़ाई बताते हुए देशभर के कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुँचने का आह्वान किया और पार्टी नेताओं के अनुसार यह आंदोलन उच्च शिक्षा में समान अवसर, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से कार्यकर्ता, छात्र, युवा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। गाजीपुर से भी होगी बड़ी भागीदारी गाजीपुर जिले में भी इस आंदोलन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुँचकर इस आंदोलन को मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा और अधिकार की लड़ाई में बहुजन समाज को एकजुट होकर आगे आना होगा।वहीं जिला अध्यक्ष अनिल कुमार भारती ने बताया कि पार्टी द्वारा जिलेभर में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आंदोलन से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन शिक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। जंतर-मंतर पर होगा विशाल जनसमूह पार्टी सूत्रों के मुताबिक 17 मार्च को दोपहर 12 बजे जंतर-मंतर पर हजारों की संख्या में लोग एकत्रित होंगे। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।पार्टी नेतृत्व का कहना है कि यह आंदोलन केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि शिक्षा और अधिकार की रक्षा के लिए चलाया जा रहा व्यापक जनआंदोलन है।
रिपोर्ट: वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़, गाजीपुर







