A2Z सभी खबर सभी जिले की

खरगोन न्यूज़: -खरगोन जिले में 12 वीं बोर्ड परीक्षा का पहला प्रश्नपत्र शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

दरियाव वासुरे
खरगोन (म.प्र.) | लोकेशन – करही

खरगोन जिले में 12वीं बोर्ड परीक्षा का पहला प्रश्नपत्र शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा सत्र 2025–26 के अंतर्गत आज खरगोन जिलेभर में पहला प्रश्नपत्र शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी एवं पुख्ता व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा आयोजित की गई।
इसी क्रम में करही पाडल्या स्थित एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया, जहाँ हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा का समय सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित था, जिसमें परीक्षार्थियों ने अनुशासन के साथ सहभागिता की।
परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व विद्यार्थियों की सघन जांच की गई तथा प्रवेश के दौरान शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई थीं।
विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश खेडेकर ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा का पहला प्रश्नपत्र अंग्रेज़ी विषय का आयोजित हुआ। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा केंद्र पर 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई तथा परीक्षा में सम्मिलित सभी परीक्षार्थी बॉयज (छात्र) थे।
इस परीक्षा केंद्र पर शासकीय एवं निजी विद्यालयों के छात्र शामिल रहे। परीक्षा संचालन में नियुक्त पर्यवेक्षकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा शासन के निर्देशों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ पालन किया गया।
खरगोन से — दरियाव वासुरे की रिपोर्ट

Back to top button
error: Content is protected !!