

कस्बा बगरैन की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी पर आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न
बगरैन :- आगामी महाशिवरात्रि, पवित्र रमजान माह और रंगों के पर्व होली के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और भाईचारा बनाए रखने के लिए बुधवार को बगरैन रिर्पोटिंग पुलिस चौकी पर एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। वजीरगंज थानाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह और चौकी प्रभारी गौरव कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरूओं और स्थानीय पत्रकारों ने हिस्सा लिया। बैठक को संबोधित करते हुए वजीरगंज थानाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि त्योहार हमारी साझा संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने अपील की, कि सभी नागरिक एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद स्थानीय पत्रकारों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से समाज में शांति का संदेश फैलाएंगे। क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बगरैन क्षेत्र में हमेशा से गंगा जमुना तहजीब का केंद्र रहा है और यहां सभी त्योहार मिलजुल कर मनाए जाते हैं। इस अवसर पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक, पत्रकार और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक का समापन शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने के संकल्प के साथ हुआ।




