
डकरा में ट्रक फूंकने का खुलासा, फर्जी टीएसपीसी के नाम पर लेवी वसूली गिरोह का भंडाफोड़।।
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
खलारी। खलारी पुलिस ने खलारी क्षेत्र के डकरा में ट्रक को आग के हवाले कर चालक को गंभीर रूप से झुलसाने की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के नाम पर फर्जी पर्चा छपवाकर क्षेत्र में दहशत फैलाने और लेवी वसूली के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया था।
“क्या है पूरा मामला?”
खलारी थाना कांड संख्या-11/2026, दिनांक 11.02.2026 के तहत दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 11 फरवरी की रात करीब 8 बजे डकरा स्थित पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर खड़े एक ट्रक पर अज्ञात अपराधियों ने किरोसिन तेल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में ट्रक चालक सियाराम यादव गंभीर रूप से झुलस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। घायल चालक को तत्काल सीसीएल अस्पताल, डकरा में भर्ती कराया गया। बाद में चालक के फर्दबयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
“एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम”
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक खलारी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम में खलारी थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो और मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा समेत दोनों थानों के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। लगातार छापेमारी के बाद 14 फरवरी को गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
“पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा”
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे एक आपराधिक गिरोह के सदस्य हैं, जिसका नेतृत्व साबीर अंसारी उर्फ सुदर्शन करता है। साबीर अंसारी पूर्व में टीएसपीसी से जुड़ा रहा है और निष्कासन के बाद उसने अपना अलग गिरोह बना लिया।
आरोपियों ने बताया कि गिरोह ने टीएसपीसी के नाम से फर्जी पर्चे छपवाए और क्षेत्र में भय पैदा कर लेवी वसूली की योजना बनाई। ट्रक जलाने की घटना भी इसी साजिश का हिस्सा थी।
इसके अलावा, 6 फरवरी को डकरा कांटा घर के पास लेवी वसूली के लिए फायरिंग की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई है।
“क्या-क्या हुआ बरामद?”
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया:
एक मोटरसाइकिल,दो मोबाइल फोन,दो मशाल,एक बोतल किरोसिन तेल,टीएसपीसी के नाम से छपे दो फर्जी पर्चे
“गिरफ्तार आरोपी है के”
खुशहाल अंसारी (19 वर्ष), थाना मैक्लुस्कीगंज, जिला रांची
इतेफाक अंसारी उर्फ असफाक उर्फ गुड्डु (19 वर्ष), थाना बरियातु, जिला लातेहार
“मुख्य सरगना फरार”
पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना साबीर अंसारी सहित अन्य तीन-चार अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रांची ग्रामीण पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के खुलासे से क्षेत्र में दहशत का माहौल कुछ हद तक कम हुआ है, हालांकि पुलिस सतर्क है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।



