A2Z सभी खबर सभी जिले की

गन्ने के साथ ‘भिण्डी’ की सहफसली खेती से बढ़ेगी आमदनी

40–45 दिनों में तैयार फसल, लागत घटाकर मुनाफा बढ़ाने का सुनहरा मौका

गन्ने के साथ ‘भिण्डी’ की सहफसली खेती से बढ़ेगी आमदनी

40–45 दिनों में तैयार फसल, लागत घटाकर मुनाफा बढ़ाने का सुनहरा मौका

हाटा  कुशीनगर। वसंत कालीन गन्ने के साथ भिण्डी की सहफसली खेती कर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। गन्ने की बढ़ती उत्पादन लागत और घटते रकबे के बीच यह तरीका किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकता है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केन्द्र, पिपराईच गोरखपुर के पूर्व सहायक निदेशक ओम प्रकाश गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि भिण्डी बोने के 40 से 45 दिनों के भीतर सब्जी तुड़ाई के लिए तैयार हो जाती है। फरवरी माह में बुवाई करने पर भिण्डी 35 से 40 रुपये प्रति किलो तक बिक जाती है। देरी होने पर बाजार भाव कम हो सकता है। प्रति एकड़ लगभग 18 से 20 कुंतल उत्पादन प्राप्त होता है, जिससे 60 से 70 हजार रुपये तक अतिरिक्त आय संभव है। भिण्डी की अच्छी पैदावार के लिए खेत की तैयारी के समय 50 से 60 कुंतल सड़ी गोबर की खाद प्रति एकड़ डालनी चाहिए। उन्नत किस्मों में बी.आर.ओ.-6, राधिका, परमनी क्रांति, नव्या, सिद्धी-अंकुर व आईआईवीआर-10 प्रमुख हैं। गन्ने की उन्नत प्रजातियों में को.0118, को.लख.-14201, को.शा.-17231, को.से.8452, 17451, को.शा.13235 व को.लक-15470 शामिल हैं। गन्ने की बुवाई 120 सेमी की दूरी पर नाली बनाकर दो आंख वाले टुकड़ों को उपचारित कर करनी चाहिए। भूमि उपचार के लिए 4 किग्रा ट्राइकोडर्मा को गोबर की खाद में मिलाकर 4–5 दिन बाद अंतिम जुताई में प्रयोग करें। गन्ने की दो पंक्तियों के बीच भिण्डी की दो पंक्तियां बोई जाएं। प्रति एकड़ 3.5 से 4 किग्रा बीज पर्याप्त होता है, जिसे रात में भिगोकर बोना चाहिए। भिण्डी की पंक्ति से पंक्ति दूरी 35–40 सेमी और पौधे से पौधे की दूरी 25 सेमी रखें। 30–35 दिन बाद निराई-गुड़ाई कर हल्की सिंचाई करें तथा 30 किग्रा यूरिया प्रति एकड़ दें। तीसरे या चौथे दिन नियमित तुड़ाई से बेहतर उत्पादन मिलता है। पूर्व सहायक निदेशक ने बताया कि उन्होंने भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी व कल्याणपुर कानपुर जाकर तकनीकी जानकारी प्राप्त की है। किसानों से अपील है कि इस सहफसली पद्धति को अपनाकर लागत घटाएं और आय बढ़ाएं।

Back to top button
error: Content is protected !!