
(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 22 फरवरी 2026। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में गोदरेज अलमारी की चाबी बनाने के बहाने घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी फरार है।
दिनांक 09.02.2026 को वादी संदीप धीमान पुत्र स्व. राधेश्याम धीमान निवासी Q-64, शिवालिक नगर, रानीपुर, हरिद्वार ने कोतवाली रानीपुर में सूचना दी कि दोपहर के समय उनकी बुजुर्ग माताजी ने घर की अलमारी की चाबी बनवाने के लिए दो व्यक्तियों को बुलाया था। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने गोदरेज अलमारी की चाबी बनाने का बहाना कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
शिकायत के आधार पर कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 45/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार गठित कोतवाली रानीपुर एवं सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। लगातार प्रयासों के बाद दिनांक 20.02.2026 को पुलिस टीम ने आरोपी गोविन्द छाबडा को उसके घर जिला धार, मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक पीली धातु की अंगूठी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी गोविन्द छाबडा पुत्र दलबीर छाबडा निवासी ग्राम बारिया, थाना गंधवानी, जिला धार, मध्यप्रदेश, उम्र 25 वर्ष ने बताया कि वह अपने साले के साथ कुछ दिन पूर्व मध्यप्रदेश से हरिद्वार आया था। दोनों ने शिवालिक नगर स्थित घर में चाबी बनाने का बहाना कर अलमारी से ज्वैलरी चोरी की और फिर मध्यप्रदेश लौट गए। आरोपी ने बताया कि बरामद अंगूठी के अलावा अन्य आभूषण उसके साले के पास हैं।
पुलिस टीम ने जब सह-आरोपी के घर दबिश दी तो वह छापेमारी की भनक लगते ही अपने मकान पर ताला लगाकर परिवार सहित फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। मुकदमे में धारा 317(2), 332(ग), 334(1), 3(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस टीम (कोतवाली रानीपुर): प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा,उ0नि0 विकास रावत (चौकी प्रभारी गैस प्लांट),कानि0 दीप गौड़,कानि0 गंभीर तोमर,कानि0 सुमन डोबाल
सीआईयू टीम: निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट (प्रभारी),का0 वसीम।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।









