ऊर्जा मंत्री भ्रष्टाचार देख भड़के:एमडी से बोले तत्काल सस्पेंड करो
गाजीपुर/ उत्तर प्रदेश
गाजीपुर। बिजली मंत्री एके शर्मा अपने विभाग में भ्रष्टाचार देख भड़क गये।गुस्साए मंत्री बोले अधिकारी पैसे खा गए, इनको सस्पेंड करिए!
दरअसल, गाजीपुर में नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा गांव में लटके तार देखकर गुस्सा हो गए। इसे गंभीर लापरवाही करार देते हुए कहा- कब, कहां, किसकी दुर्घटना में मौत हो जाए, कोई नहीं जानता।
गाड़ी में बैठे-बैठे ही पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के MD शंभू कुमार को फोन किया। कहा- मुझे लगता है कि आरडीएसएस (RDSS) का सारा पैसा अधिकारी खा गए हैं, क्योंकि जमीन पर कोई काम नहीं दिख रहा। उन्होंने तुरंत काम शुरू कराने और संबंधित अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मंत्री एके शर्मा लखनऊ से बलिया जा रहे थे। गाजीपुर में उनका कोई कार्यक्रम नहीं था। बीच रास्ते महड़ौर गांव की रोड पर उन्होंने बिजली का तार लटकता देखा तो काफिला रोकने के निर्देश दिए। गाड़ी से उतरकर उन्होंने तारों की स्थिति देखी। कई स्थानों पर बिजली के तार अत्यंत नीचे झूल रहे थे।
आबादी वाले इलाकों में भी बिजली व्यवस्था बेहद खराब थी, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था। इसके बाद उन्होंने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के MD शंभू कुमार को फोन किया। कहा- सभी जर्जर, लटके और अव्यवस्थित तारों को तत्काल ठीक किया जाए।
मंत्री ने भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए सख्त निगरानी और नियमित जांच सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे से ऐसी लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उनकी जवाबदेही तय की जाएगी। एके शर्मा बलिया के रसड़ा स्थित नागा जी सरस्वती विद्या मंदिर के वार्षिकोत्सव में शामिल होने जा रहे थे।