

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)। विधायक कांठ एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर ने कांठ स्थित अपने कैम्प कार्यालय पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। लोगों ने बिजली, सड़क, पानी, राशन, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं, राजस्व एवं पुलिस प्रशासन से संबंधित समस्याएं विधायक के समक्ष रखी। जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से समस्याओं के शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए तथा कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
विधायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 2027 का विधानसभा चुनाव अब बेहद नजदीक है और सभी कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी मेहनत एवं मजबूती के साथ चुनाव की तैयारियों में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनहितकारी नीतियों, समाजवादी विचारधारा, विकास कार्यों एवं जनता के प्रति समर्पण को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आम जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने एवं समाजवादी पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस मौके पर सपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह यादव, पूर्व चेयरमैन आबिद हुसैन, मेहंदी हसन, मनोज चौधरी, जय देव प्रजापति, डॉ. दानिश, हिमांशु, मुजीब चौधरी, राशिद सैफी, अमरजीत सिंह जाटव, आसिम चौधरी, भानु चौधरी, अमजद अली आदि रहे।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ









