
संवाददाता -हेमन्त नागझरिया की रिपोर्ट
अंजड:गजेंद्र सिंह पटेल ने गुरुवार को स्वामी अमूर्तानंद शासकीय महाविद्यालय पहुंचकर “हर ग्राम एक काम” अभियान के तहत महाविद्यालय के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश काकेश्वर उपस्थित रहे।![]()
![]()
![]()
![]()
सांसद पटेल ने बताया कि उन्होंने अपने जन्मदिवस 16 फरवरी के अवसर पर जिलेभर में “हर ग्राम एक काम” अभियान की शुरुआत की थी। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गांवों के विकास कार्यों से सीधे जोड़कर उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं अपने-अपने गांवों में जाकर विकास कार्यों का सर्वे करेंगे। विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से यह जानकारी दर्ज करेंगे कि गांव में अब तक कौन-कौन से कार्य हुए हैं, वर्तमान में किन कार्यों की आवश्यकता है तथा भविष्य में किन योजनाओं पर काम किया जा सकता है।
सांसद पटेल ने कहा कि अभियान में सरकारी, सामाजिक, निजी एवं धार्मिक क्षेत्र के सभी महत्वपूर्ण कार्यों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल आने वाले समय में गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और विद्यार्थियों को जमीनी स्तर की वास्तविकताओं से परिचित कराएगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश काकेश्वर ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की सक्रिय एवं संगठित भागीदारी सुनिश्चित करना है। चयनित गांवों को अध्ययन, सर्वेक्षण एवं शोध के लिए “दत्तक ग्राम” के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थी शासन की योजनाओं एवं सामाजिक अभियानों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझ सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष ऋतुराज सिंह तोमर, सुरेंद्र गहलोत, बंटी बंसल, अरुण परमार, जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार, खेमा यादव, हितेश राठौड़ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं महाविद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. सुभाष सोलंकी, प्रो. एमएस मोरी एवं प्रो. डॉ. सुरेश काग ने भी अभियान की रूपरेखा पर जानकारी दी।
इस पहल से अंजड़ क्षेत्र के ग्रामीण विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।








