14 जून को होगी यूपीपीएससी प्रवक्ता प्रारंभिक परीक्षा, डीएम ने दिए नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण आयोजन के निर्देश
महराजगंज
आगामी 14 जून 2026 (रविवार) को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को नकलविहीन, शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरावल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा में तैनात केंद्र व्यवस्थापकों, सहायक केंद्र व्यवस्थापकों, परीक्षा सहायकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी अक्षम्य होगी, इसलिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को परीक्षा केंद्रों का स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को कक्ष निरीक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल अधिकृत परिचय पत्र धारकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
बैठक में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज से आए अनुभाग अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5,168 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं तैनात पुलिस बल के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।