
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक:-11 जून 2026, बोधगया
जीविका को समझने हेतु बोधगया में विभिन्न राज्यों के अधिकारीयों का परिभ्रमण कार्यक्रम आयोजित
बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) द्वारा आज बोधगया में एक महत्वपूर्ण एक्सपोज़र-कम-इमर्शन विज़िट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और छत्तीसगढ़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भाग लिया। इस विज़िट का उद्देश्य प्रतिभागियों को सामुदायिक संगठन के निर्माण एवं संचालन तथा जीविका द्वारा प्रोत्साहित विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड), गया में एक दिन पूर्व हुई, जहाँ जीविका, डीपीसीयू टीम ने प्रतिभागियों को जीविका के विभिन्न गतिविधयों एवं विज़िट की जानकारी दी। इसके बाद आज अधिकारियों ने बोधगया का दौरा किया और गुलाब जीविका महिला स्वयं सहायता समूह, सहदेवखाप, जीविका महिला ग्राम संगठन बारा, एकता संकुल संघ एवं व्हीटामिक्स का परिभ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जीविका दीदियों से संवाद कर सामुदायिक संगठनों के संचालन एवं उनके जीवन में आए बदलावों को समझा।
इस विशेष प्रशिक्षण सह परिभ्रमण कार्यक्रम का आयोजन बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान के सहयोग से किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान के अधिकारी डॉ. टी विजय कुमार एवं डॉ. सत्या रंजन महाकुल ने भी इसमें भाग लिया। जीविका के प्रशिक्षण प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार, प्रबंधक संचार दिनेश कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी जय राम सिंह एवं बीपीएम त्रिभुवन कुमार भी उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों ने स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन एवं संकुल स्तरीय संघ की कार्यप्रणाली, संरचना एवं सामुदायिक प्रभावों का गहन अध्ययन किया। उन्होंने जीविका परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि यह अनुभव प्रेरणादायक है और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। साथ ही, अधिकारियों ने जीविका दीदियों को बचत बढ़ाने और सामुदायिक संगठन के माध्यम से स्थानीय उत्पादों के निर्माण वाले उद्यम स्थापित करने की सलाह दी।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़




