
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ गढ़वा। डंडई थाना क्षेत्र के करके गांव के यादव टोला स्थित मकई के खेत से 24 अगस्त की शाम करीब पांच बजे राजेन्द्र यादव उर्फ बुग्गी यादव का शव बरामद होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के भतीजे मुन्नू यादव समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा दिल्लू लोहरा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम में पुलिस निरीक्षक मझिआंव अंचल ब्रिज कुमार, डंडई थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मृतक के सिर के पीछे और पैर में खून लगा जख्म पाया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया। मामले में डंडई थाना कांड संख्या 110/2026, दिनांक 25 अगस्त 2026 को धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
अनुसंधान के दौरान 25 अगस्त को पुलिस ने मृतक के भतीजे मुन्नू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने चाचा की हत्या करने की बात स्वीकार की और बताया कि हत्या के बाद शव को मकई के खेत में छिपा दिया गया था। उसने साक्ष्य छिपाने में अपनी चाची मिला देवी के सहयोग की बात भी बताई।
पुलिस ने मुन्नू यादव की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन मकई के खेत से बरामद किया।
पूछताछ में सामने आए कथित कारण के अनुसार, राजेन्द्र यादव जमीन का बंटवारा किए बिना ही जमीन बेचने का प्रयास कर रहे थे, जिसको लेकर परिवार में विवाद होता रहता था। पुलिस का कहना है कि मृतक की दो बेटियां थीं और आरोपी ने जमीन हड़पने के उद्देश्य से हत्या की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
#JharkhandPolice #IGPalamu #DIGPalamu #DCGarhwa #GarhwaPolice #Dandai



