
समीर वानखेड़े ब्यूरो चीफ:
चंद्रपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) में गंभीर लापरवाही सामने आई है। विधायक किशोर जोरगेवार ने शुक्रवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जिसमें सफाई, स्टाफ की हाजिरी, मरीजों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था में खामियां मिलीं।
विधायक ने कई जगहों पर गंदगी, बंद पड़े एसी और स्टाफ के गायब रहने की शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को नियमित सफाई जांच और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जोरगेवार ने सवाल उठाया कि अस्पताल में शौचालय रात 8 बजे तक ही क्यों खुले रहते हैं। उन्होंने आदेश दिया कि शौचालय मरीजों और उनके परिजनों के लिए 24 घंटे खुले रहें।
उन्होंने अधिकारियों को फायर एक्सटिंग्विशर, फायर फाइटिंग सिस्टम, इमरजेंसी एग्जिट और बिजली के उपकरणों की नियमित जांच कर उन्हें चालू हालत में रखने का निर्देश दिया। डॉक्टर, नर्स और अन्य स्टाफ को मरीजों और परिजनों को इलाज की सही जानकारी देने को कहा।
साथ ही पीने के साफ पानी की पर्याप्त व्यवस्था, वाटर कियॉस्क की नियमित सफाई और पानी की गुणवत्ता जांच के भी निर्देश दिए।
विधायक ने नवजात शिशुओं के लिए अस्पताल में ह्यूमन मिल्क बैंक स्थापित करने के लिए जरूरी फंड उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।









