
बुढ़ी गंडक नदी के चेरिया घाट पर पुल बनने की जगी आस, ग्रामीणों में खुशी की लहर
ग्रामीण कार्य विभाग बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने सभी जिलाधिकारी को ग्रामीण पथों के आलेखन में अवस्थित आवश्यक पुल निर्माण के संबंध में प्रतिवेदन तैयार करने का आदेश दिया है. उक्त आदेश में ऐसे स्थल जहां पुल के अभाव में नाव से आवागमन होता है. तथा पुल निर्माण के लिए वोट का बहिष्कार किया गया हो अथवा बहिष्कार करने की संभावना हो सहित अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता देने की बात कही गई है. जिससे चेरिया एवं शाहपुर पंचायत के ठाठा गांव में खुशी की लहर फैल गई है. उक्त पत्र के आलोक में चेरिया बरियारपुर प्रखंड मुख्यालय के सामने बुढ़ी गंडक नदी पर चेरिया घाट एवं शाहपुर पंचायत में ठाठा जाने के लिए स्थानीय लोगों के द्वारा पुल निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है. बताते चले कि चेरिया घाट से चेरिया गांव के लोग पुल के अभाव में नाव से आवागमन करते हैं. इस गांव के लोगों ने पिछले विधानसभा चुनाव में एकजुटता के साथ विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया था. विधानसभा चुनाव में एक भी मत इस गांव में नहीं डाले गए थे. विश्वस्त सूत्रों की मानें तो यहां विधान सभा चुनाव में प्रचार के दौरान स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह का चेरिया गांव के एक मंदिर में अंग वस्त्र भी गिरवी रखा हुआ है. बताया जाता है वर्तमान लोकसभा चुनाव में भी पुल निर्माण की मांग जोरों पर थी. लेकिन पदाधिकारी एवं नेताओं के आश्वासन के बाद पुल निर्माण की आशा लिए हुए इस बार मतदान किया गया. वहीं चेरिया गांव के चंद्रभानु राय, मनीष कुमार, कन्हैया राय सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि इस पत्र के बाद पुल निर्माण की आस जगी है. तो वहीं शाहपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अभिषेक कुमार उर्फ बम बम सिंह, ठाठा गांव निवासी संजीत सिंह, शशि पासवान, मिथुन पासवान सहित अन्य लोगों ने भी टापूनुमा ठाठा गांव के लिए भी पुल निर्माण की मांग शुरू कर दी है. बताते चलें कि चेरिया गांव के लिए चेरिया घाट पर पुल निर्माण के संबंध में वर्ष 2021 में कार्यपालक अभियंता के द्वारा ग्रामीण कार्य विभाग पटना को प्रतिवेदन तैयार कर भेजा गया था.


