
इंसूलेटर ठीक कर रहे लाइनमैन की विद्युत पोल से गिरने से हुई मौत, कोहराम
मृतक शंकर लाल वर्मा फाइल फोटो
संविदा लाइनमैन की मौत को लेकर हाइवे पर जाम लगाकर विरोध जताते लोग
लालगंज, प्रतापगढ़। करंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की मौत हो गयी। घटना को लेकर विद्युत उपकेन्द्र के जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। अफसरों के काफी समझाने के करीब तीन घंटे बाद लोग माने। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया। घटना को लेकर मृतक के पुत्र ने पुलिस को तहरीर दी है। लालगंज कोतवाली के कटरा बलीपुर निवासी शंकर लाल वर्मा (52) सुत अलगू वर्मा लालगंज कस्बा स्थित विद्युत उपकेन्द्र पर संविदा लाइनमैन के रूप में तैनात था। परिवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के बगल नहर की पुलिया के पास लगे विद्युत पोल में खराब हुए इंसूलेटर को बदलने के लिए पोल पर चढ़ा था। इसी बीच करंट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा। सिर में गम्भीर चोट लगने से लालगंज ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर विद्युत उपकेन्द्र के जिम्मेदार कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने ट्रामा सेन्टर के सामने रायबरेली प्रतापगढ़ राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। हालांकि आधे घंटे बाद सीओ ने शव को राजमार्ग से हटवाकर ट्रामा सेंटर परिसर में रखवाया। लेकिन यहां आक्रोशित स्वजन व ग्रामीण तथा मृतक के साथीगण का मान-मनव्वल एसडीएम, सीओ व पुलिस अफसर करीब ढ़ाई घंटे तक करते रहे। घटना को लेकर मृतक के पुत्र विमलेश ने एक करोड़ की आर्थिक सहायता, शादी अनुदान, सरकारी नौकरी व सरकारी आवास समेत आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसके साथ ही उसने लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर भी सौंपी। मृतक के पुत्र विमलेश वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि ड्यूटी न होने के बावजूद जेई ने उसके पिता को दबाव बनाकर जबरन सरस्वती विद्या मंदिर के समीप इंसूलेटर ठीक करने के लिए भेजा था। पोल पर चढ़े उसके पिता करंट की चपेट में आने से नीचे गिर पड़े और गम्भीर चोट लगने से उनकी मौत हो गयी। पीड़ित पुत्र का यह भी आरोप है कि यदि उसके पिता के पास सुरक्षा सामग्री मौजूद होती तो शायद उनकी जान बच जाती। सीओ रामसूरत सोनकर का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिये गये हैं। मृतक आश्रित की मांग को पूरा कराये जाने का आश्वासन दिया गया है।








