
कटनी, रीठी।। GANESH UPADHYAY VANDE BHARAT LIVE TV NEWS KATNI MP.
जिला प्रशासन की लापरवाही का शिकार हुई रीठी पुलिस को लगातार बदमाश चुनौती दे रही है और पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में नाकाम साबित होती नजर आ रही है। अभी हाल ही में रीठी के नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी को रीठी पुलिस ने पकड़ तक नहीं पाया है, जबकि यहां घटना को अंजाम देने वाले शख्स की वीडियो फुटेज भी पुलिस के पास है। बावजूद इसके पुलिस अपराधी के पास तक नहीं पहुंच पाई है। वहीं जनपद पंचायत कार्यालय परिसर से एक सरपंच की बाइक पार होने का मामला सामने आ गया है।
बताया गया कि रीठी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत डांग के सरपंच बद्री प्रसाद चौधरी शनिवार को ग्राम पंचायत की कुछ फाइलें लेकर रीठी जनपद पंचायत कार्यालय आए हुए थे। इसी दौरान करीब साढ़े तीन बजे किसी अज्ञात चोर ने जनपद पंचायत परिसर से बाइक पार कर दी। सरपंच बद्री चौधरी ने इसकी लिखित शिकायत रीठी थाने में दी है। बताया गया कि बद्री जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में मोटरसाइकिल खड़ी करके अंदर चला गया और करीब एक घंटे बाद जब बाहर आकर देखा तो उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। बद्री ने बताया कि उक्त बाइक की डिक्की में पंचायत तालाब की दो फाइल, एक एमवी फाइल और बिल बाउचर भी रखा हुआ था।







