
पीलीभीत। माधोटांडा क्षेत्र के गांव दोदपुर में रविवार सुबह सूचना के बाद आबकारी टीम ने थाना पुलिस के साथ एक खेत में छापा मारा। मौके पर गांव निवासी इंद्रजीत मौजूद मिला। उसके पास से 14 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई। टीम बरामद शराब के साथ आरोपी को पकड़कर वाहन में बैठाने लगी। इस दौरान इंद्रजीत ने चकमा दिया और टीम के सामने ही विषाक्त पदार्थ पी लिया। आनन फानन में पुलिसकर्मी उसे लेकर पूरनपुर सीएचसी पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। इधर यह भी चर्चा है कि दो साल पूर्व भी उक्त व्यक्ति ने छापे के दौरान ऐसे ही विषाक्त पदार्थ पी लिया था।
एसओ अचल कुमार ने बताया कि विषाक्त पदार्थ पीने वाले आरोपी की हालत ठीक है।



