
सीकर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को पिपराली रोड स्थित सीएलसी संस्थान में श्री हरीनाथ चतुर्वेदी एवं संत शिरोमणि मकड़ी नाथ महाराज की मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकार में पेपर लीक के मामलों के चलते युवा और उनके पिता की आंखों में आंसू रहते थे। हमने सत्ता में आने से पहले एसआईटी गठित करते हुए युवाओं से वादा किया था कि उनकी आंखों में आंसू लाने वालों को किसी भी हालत में नहीं छोड़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए कई घोषणाएं कर चुकी है। हम जल्दी खेल विश्वविद्यालय खोलने जा रहे हैं। अगले 2 साल में 20 आईटीआई और 10 पॉलिटेक्निकल कॉलेज और होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर क्षेत्र में भर्तियां निकाली जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम रविवार को सभी परीक्षाओं का आयोजन नहीं करवा सकते। इसके लिए निर्देश दिया गया है कि छुट्टियों का भी एक कैलेंडर बनाएं ताकि छुट्टियों में भी परीक्षाओं का आयोजन किया जा सके और परिणाम निकाला जा सके।
उन्होंने यमुना जल समझौते को लेकर एक बार फिर कांग्रेस पर हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा राज कांग्रेस ने किया है, लेकिन यमुना जल को लेकर हरियाणा की सरकार से बात नहीं की लेकिन हमारी सरकार ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से भी इस मामले को लेकर बात की. हरियाणा के मुख्यमंत्री ने सीकर, चूरू व झुंझुनूं के लिए तीन पाइपलाइन के जरिए पानी देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि बिजली और पानी की व्यवस्था सुचारू होगी, तो उद्योग और पर्यटन दोनों ही बढ़ेंगे। सीएम बोले कि सरकार ने खाटू बाबा के स्पेशल कॉरिडोर की घोषणा की है जिसमें 100 करोड़ रुपए तो खाटू के लिए पहला बजट है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोग कहते हैं कि यमुना का पानी लाने में देरी हो रही है, तो उन्हें मैं कहना चाहता हूं कि यह कोई एक नल की पाइपलाइन नहीं है, योजना बनानी पड़ती है, उसमें समय लगता है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, खंडेला विधायक सुभाष मील, विधायक गोवर्धन वर्मा, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, जिला अध्यक्ष कमल सिखवाल, भाजपा प्रवक्ता लक्ष्मीकांत तिवारी सहित कई स्थानीय नेता मौजूद रहे।








