
पीलीभीत। शॉर्ट सर्किट से जिला अस्पताल परिसर में आग लगने से खलबली मच गई। आनन-फानन में उस तरफ की ओपीडी को बंद कराया गया। इसके बाद फायर सिलिंडर की मदद से आग पर काबू पाया गया तो सभी ने राहत की सांस ली। कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक जिला अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे जिला अस्पताल के कमरा नंबर सात के बाहर लगे बिजली के पैनल बोर्ड से धुंआ निकलने लगा। कर्मचारी जब-तक कुछ समझ पाते वहां लपटें निकलने लगीं। इससे खलबली मच गई।
ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने फायर सिलिंडर की मदद से आग पर बुझाया और सप्लाई को बंद कराया। इसके बाद मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। इस पर उस साइड में चल रही ओपीडी को बंद कराकर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। इस साइड के मरीजों को दूसरे तरफ शिफ्ट कर दिया गया।
डॉ. एसपी सिंह, प्रभारी सीएमएस ने बताया कि शाॅर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई थी। मामले की जानकारी लगने पर स्वयं मौके पर गया और वहां मरम्मत कार्य शुरू करवाया। किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है






