
फतेहपुर से एडिटर निर्मित द्विवेदी गोपाल की रिपोर्ट 

नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रेलर से जा टकराई बारातियों की बस तीन की मौत, कई घायल
फतेहपुर,13 नवम्बर।जनपद में बुधवार को भोर पहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में नेशनल हाईवे पर नोएडा जा रही एक बस किनारे खड़े ट्रेलर में जा घुसी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है।
मिली जानकारी के आधार पर हादसा कानपुर प्रयागराज हाईवे पर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मौहार के पास हुआ, जहाँ हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सभी घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर किया गया है। हादसा बस ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ। जानकारी के मुताबिक, जनपद प्रयागराज थाना धूमनगंज के विशुनपुर कालोनी निवासी नरेंद्र के पुत्र मंजीत की बारात लेकर बस जनपद गाजियाबाद के सेक्टर 25 नोएडा जा रही थी। बुधवार की भोर बस कानपुर प्रयागराज हाईवे पर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मौहार के समीप हाईवे किनारे खड़े ट्राले में पीछे से घुस गई। बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में मरने वालों में प्रयागराज के मुंडेरा निवासी 40 वर्षीय सरोज सिंह, शशिकांत के 8 वर्षीय पुत्र आदित्य उर्फ टीटू, आमोद के 12 वर्षीय पुत्री कुमकुम शामिल है। वहीं, बिहार जनपद रोहताश थाना गोड़री के जयश्री निवासी रोमन, विजय कुमार, सुजाता कुमारी, बिहार औरंगाबाद की किरन देवी, प्रयागराज के मुंडेरा निवासी पवन मिश्रा, अनूप गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। और परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





