
सागर। वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज संवाददाता सुशील द्विवेदी। कलेक्टर संदीप जी आर ने खुरई स्थित ग्राम बनहट के शासकीय प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया जहां बंद पड़ी शैक्षणिक सामग्री एवं खिलौनों को बच्चों को वितरित किया। उन्होंने बच्चों को एबेकस के माध्यम से गिनती सिखाई एवं चित्रों के माध्यम से अक्षर पूंछे। इस दौरान जब कलेक्टर ने उन्हें शैक्षणिक सामग्री वितरित की तो बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने स्कूल में बंद पड़ी सामग्री जिसमें कुर्सी, झूला, गमले आदि थे, को व्यवस्थित रूप से रखने एवं उपयोग करने के निर्देश दिए। स्कूल में पहुंचकर उन्होंने स्वयं भी सफाई की एवं शाला परिसर को साफ-स्वच्छ रखने के निर्देश भी दिए।उन्होंने कहा कि शाला की पोषण वाटिका में किचन गार्डन तैयार करें जिसमें पोषण से भरपूर पौधे जैसे मुनगा, पालक, चुकंदर आदि अवश्य लगाएं। ग्राम बनहट निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनचौपाल लगाकर आमजन की समस्याओं को सुना एवं उनके निराकरण हेतु मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विवेक के वी, एसडीएम रवीश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। ग्राम बनहट में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने क्षतिग्रस्त भवनों को तत्काल डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कहीं भी ऐसे भवन जिनकी स्थिति अच्छी नहीं है जो जर्जर अवस्था में है अथवा जहां किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना है उन भवनों में किसी भी प्रकार के कार्यालय, स्कूल, आंगनबाडी, सामूदायिक भवन आदि संचालित न किये जाए। खुरई दौरे पर कलेक्टर ने गढ़ौला जागीर के तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीमांकन के साथ ही मुनारें बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां डीसिल्टिंग की प्रक्रिया भी शुरू की जाए, साथ ही किसानों को इस संबंध में सूचना दी जाए जिससे कि वे आवश्यकता अनुसार गाद उपयोग कर सकें। इस प्रक्रिया से जहां एक ओर किसानों को सुविधा होगी वहीं दूसरी ओर डीसिल्टिंग के बाद तालाब की गहराई भी बढ़ेगी जिससे जल संवर्धन और संरक्षण में मदद मिलेगी।












