
कुमावतों की ढाणी के पास बरसाती पानी से ग्रेवल सड़क पर भराव,स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी ,मुख्य मार्ग प्रभावित, प्रशासन से कार्रवाई की मांग


जयपुर।जयपुर ग्रामीण के जमवारामगढ़ उपखण्ड के धौला पंचायत क्षेत्र में टेढ़ी जाने वाले मुख्य रास्ते पर बालाजी महाराज मंदिर से जुड़े राह में कुमावतों की ढाणी के पास स्विमिंग पूल जैसा बरसाती पानी का भराव हो गया है। इससे ग्रेवल सड़क पूरी तरह प्रभावित हो गई है।सड़क पर जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण स्थानीय लोगों, राहगीरों, बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूलों में जाने वाले बच्चों तथा टेढ़ी बालाजी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। सुबह-शाम फिसलन के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी की निकासी नहीं होने से सड़क टूट-फूट गई है। कई बार पंचायत को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत धौला से मांग की है कि सड़क से पानी की निकासी करवाई जाए और रास्ते की जल्द मरम्मत करवाई जाए। ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन मिल सके।





