
दुद्धी/सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_बुधवार को झमाझम बारिश के बीच कृषि मंडी दुद्धी परिसर में भारतीय जनता पार्टी का विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के प्रथम दुद्धी आगमन पर कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा, तिलक एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान भारत माता, पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन तथा वंदे मातरम् के साथ सम्मेलन का शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” एवं “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करते हुए भारत को पुनः विश्वगुरु के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत आज डिजिटल क्रांति, ऑक्सीजन उत्पादन सहित अनेक क्षेत्रों में विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य मानकर प्रत्येक बूथ को और अधिक सशक्त बनाया जाए। संगठन द्वारा संचालित डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म को शत-प्रतिशत पूर्ण करने, आगामी 26 जुलाई को प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम को बूथ स्तर पर सुनने, बूथ समितियों के गठन तथा पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2017, 2019 एवं 2024 के चुनावों में बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की मेहनत ने भाजपा की जीत सुनिश्चित की थी।
प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, कृषि, व्यापार, रोजगार, हर घर पक्का मकान, शौचालय निर्माण तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 में भी उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार पुनः बनेगी।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने मंडलवार संगठनात्मक समीक्षा कर सभी पदाधिकारियों को संगठन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश दिया। वहीं निवर्तमान विधानसभा प्रत्याशी श्रवण सिंह गौड़ ने कहा कि चुनावी सफलता का सबसे मजबूत आधार बूथ स्तर का संगठन और समर्पित कार्यकर्ता ही होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं संरक्षण भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह ‘बबलू’ ने किया।
सम्मेलन के उपरांत वन विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में परिसर में हरिशंकरी (पीपल, बरगद एवं पाकड़) के पौधों का संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया गया। प्रभारी मंत्री सहित सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रवि पासवान, रेंजर सरिता गौतम, गर्जन राम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह गौतम, मनोज मिश्रा, जिला मंत्री सुषमा सिंह गौड़, क्षेत्रीय मंत्री बी.एन. गुप्ता, नगर पंचायत दुद्धी चेयरमैन कमलेश मोहन, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, वीरेन्द्र चौधरी, रामेश्वर राय, मंडल महामंत्री प्रेम नारायण सिंह, अंशुमान राय, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, राफे खां, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय चन्द्रवंशी, पीयूष कसेरा, आयुष कुमार, मीरा सिंह गौड़, पूजा चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पुलिस प्रशासन एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





