

रिपोर्ट। धरकास मोखा। गुजरात
गुजरात के वलसाड जिले में पिछले ३० घंटों में (२१ जुलाई सुबह ६ बजे से २२ जुलाई दोपहर १२ बजे तक) हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इस अवधि के दौरान जिले में कुल १८.५ इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे हर तरफ जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। जिले के कपराडा में सबसे अधिक १५.६३ इंच (३९७ मिमी) बारिश हुई, जबकि नाना पोंधा में ११ इंच और पारडी में ९.३ इंच बारिश दर्ज की गई। बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से २८४ सड़कों को बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है।
भारी बारिश के कारण औरंगा नदी उफान पर आ गई, जिससे कश्मीर नगर और अन्य निचले इलाकों में पानी भर गया। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित लोगों को प्राथमिक विद्यालयों में बने राहत शिविरों में स्थानांतरित किया। NDRF, पुलिस और दमकल विभाग ने मिलकर चलाए गए बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत २०० से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान नाना पोंधा में पानी के तेज बहाव में फंसी एक निजी बस से १६ यात्रियों को और धरमपुर में मान नदी के पुल पर बह रही कार से ड्राइवर को सुरक्षित बचाया गया।
फिलहाल औरंगा नदी का जलस्तर ४.५ मीटर तक पहुंच गया है। समुद्र में हाईटाइड (ऊंची लहरें) की चेतावनी के कारण तटीय और निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी राहत एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और स्थानीय प्रशासन ने आम नागरिकों से बिना किसी अति आवश्यक काम के घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।






