
दुद्धी/सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कई गंभीर खामियां सामने आने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री सबसे पहले अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए बंद पड़े टीकाकरण केंद्र, इमरजेंसी कक्ष, वार्डों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वार्डों में मरीजों के बिस्तरों पर चादर न मिलने, साफ-सफाई की खराब व्यवस्था तथा इमरजेंसी सेवाओं के रखरखाव में लापरवाही देखकर उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी से जवाब-तलब किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान भाजपा कार्यकर्ता कृष्ण कुमार अग्रहरी ने प्रभारी मंत्री का ध्यान वर्षों से दवा के अभाव में बंद पड़े आयुष विभाग की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि यह विभाग लगभग मृतप्राय स्थिति में पहुंच चुका है, जिससे क्षेत्र की जनता आयुष चिकित्सा सुविधाओं से वंचित है।
वहीं भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने अस्पताल में बाहरी दवाएं लिखे जाने, बाहर से जांच कराने की मजबूरी तथा निजी प्रैक्टिस जैसे गंभीर मुद्दों को उठाते हुए कहा कि चार राज्यों की सीमा से जुड़े सैकड़ों गांवों की स्वास्थ्य व्यवस्था का मुख्य आधार सीएचसी दुद्धी है, इसलिए यहां की बदहाल व्यवस्था चिंताजनक है।
नगर पंचायत दुद्धी के चेयरमैन कमलेश मोहन ने अस्पताल में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने की मांग रखी। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा न लेना पड़े।
प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों को आवश्यक सुविधाएं, दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी दुद्धी रवि पासवान, पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दुद्धी, बीपीएम संदीप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






