

हरिद्वार। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, बर्बरतापूर्ण कार्यवाही व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार एवं समाजवादी पार्टी ने संयुक्त रूप से मार्च निकालकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की मंत्री मदन कौशिक के आवास जाते हुए पुलिस से झड़प भी हुई।
प्रदर्शन के दौरान जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्यनारायण सचान ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के छात्रों से माफी मांगें तथा संसद में शिक्षा व्यवस्था और नीट पेपर लीक मामले पर चर्चा कराई जाए।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर और पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार दमनकारी रवैया अपना रही है, जिसके खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
पूर्व विधायक रामयश सिंह और पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष संतोष चौहान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं भारी संख्या में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।







