A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशसोनभद्र

जर्जर इंटर कॉलेज भवन और रेल ठहराव का मुद्दा पहुंचा प्रभारी मंत्री तक

दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर नए भवन निर्माण, विद्यालय को सरकारी नियंत्रण में लेने और दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उठी पुरजोर मांग

विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_विंढमगंज क्षेत्र की वर्षों पुरानी दो अहम जनसमस्याओं को लेकर बुधवार को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (एमएसएमई) एवं जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में भारतीय इंटर कॉलेज, विंढमगंज के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण तथा विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर रांची–चोपन एक्सप्रेस (18631/18632) एवं स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस (12873/12874) के नियमित ठहराव की मांग प्रमुखता से उठाई गई। IMG 20260722 WA0052
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भारतीय इंटर कॉलेज, विंढमगंज क्षेत्र का एक प्रमुख शिक्षण संस्थान है, जहां प्रतिवर्ष लगभग 1400 से 1500 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। लेकिन विद्यालय भवन की हालत अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है। भवन की दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं, कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ रहा है और छत भी काफी कमजोर हो गई है। ऐसे में बरसात के मौसम में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर लगातार खतरा बना हुआ है। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है।
ज्ञापन में मांग की गई कि विद्यालय भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए तथा उसकी स्थिति के अनुसार मरम्मत या नए भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, विद्यालय संचालन से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने तथा जनहित को देखते हुए विद्यालय को सरकारी नियंत्रण में लेने की भी मांग की गई।IMG 20260722 WA0054
प्रतिनिधिमंडल ने दूसरा ज्ञापन विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि विंढमगंज रेलवे स्टेशन उत्तर प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री यात्रा करते हैं। इसके बावजूद रांची–चोपन एक्सप्रेस और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस का ठहराव न होने से यात्रियों को चोपन, रेणुकूट अथवा अन्य स्टेशनों तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इन ट्रेनों के ठहराव की मांग वर्षों से की जा रही है। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार ज्ञापन सौंपे गए, धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन भी किए गए, लेकिन अब तक रेलवे प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। यदि इन दोनों ट्रेनों का विंढमगंज स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित हो जाता है तो क्षेत्र के विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों, मरीजों, कर्मचारियों, व्यापारियों, किसानों तथा आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर सरकार संवेदनशील है और प्राप्त ज्ञापनों को नियमानुसार संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक पहल की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान, अभिषेक प्रताप सिंह, ओम प्रकाश रावत, अजय गुप्ता, मनीष मद्धेशिया, अमन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!