बोरदा–सकरेली कलां पुल पर बह रहा पानी, स्कूली बच्चों की जान जोखिम में सूचना के बाद भी आवागमन प्रभावित
सक्ति समाचार -22 जुलाई 2026 क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण बोरदा–सकरेली कलां मार्ग पर स्थित पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है और आसपास के ग्रामीणों को रोज़ाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अधिक परेशानी उन छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को हो रही है, जो प्रतिदिन इसी मार्ग से स्कूल आते-जाते हैं। पुल पर पानी होने के कारण बच्चों और उनके अभिभावकों में हर दिन हादसे का डर बना रहता है। कई लोग मजबूरी में लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाने को विवश हैं, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी संबंधित शासन एवं प्रशासन को दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुल पर पानी का बहाव जारी है और आवागमन सामान्य नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाए। साथ ही, जब तक पुल पर पानी का बहाव बंद नहीं हो जाता, तब तक स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएँ, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।