
सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त श्री रवि शंकर शुक्ला ने आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत गम्हरिया प्रखंड में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मुड़िया हाथीटांड एवं तिरिलडीह में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों का दौरा किया और इन केंद्रों में चाइल्ड-फ्रेंडली शौचालय के निर्माण, तत्काल बांस से बाउंड्री करने, किचन गार्डन लगाने एवं पर्याप्त मात्रा में डस्टबिन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों को भी मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, कोलाबिरा का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने विद्यालय परिसर और कक्षाओं की साफ-सफाई कराने, आवश्यकतानुसार फेवर ब्लॉक बिछाने, सभी कक्षाओं में स्मार्ट क्लास प्रारंभ करने और आईटीसी लैब को फंक्शनल करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेंद्र, कोलेबिरा का दौरा कर उपायुक्त ने उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग द्वारा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने, गर्भवती महिलाओं की पहचान कर समय पर सभी टीकाकरण एवं जांच सुनिश्चित करने, तथा एएनएम एवं सीएचओ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने मॉडल विलेज, हाथीटांड और मुड़िया का निरीक्षण करते हुए, मॉडल गांव के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने, जर्जर भवनों को ध्वस्त करने, तथा आवश्यकतानुसार जलमीनार एवं विभिन्न चापाकलों के नल बदलने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यशपुर एवं आसनबनी में महिला समूहों की दीदियों से संवाद स्थापित कर उनकी आय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, गंजियाबराज में किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया। उपायुक्त ने कृषि विभाग की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ योग्य किसानों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण में उपस्थित अधिकारी
इस निरीक्षण दौरे के दौरान उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल, निदेशक डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, प्रखंड विकास पदाधिकारी गम्हरिया श्री अभय द्विवेदी, अंचल अधिकारी गम्हरिया श्री अरविंद वेदिया सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।










