
बुरहानपुर। रमजान के मुकद्दस महीने में इबादत और नेक कामों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले की ऐतिहासिक शाही जामा मस्जिद में 26वें रोजे के मौके पर हजारों रोजेदार इफ्तार के लिए एकत्रित हुए। इस दौरान नमाज अदा कर देश-दुनिया में सुख, शांति और अमन-चैन की दुआ मांगी गई।
कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष हर्षित ठाकुर ने किया इफतार
रोजा इफ्तार के इस मौके पर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष हर्षित ठाकुर भी मौजूद रहे। मस्जिद में पहुंचे रोजेदारों ने पहले इबादत की, फिर सामूहिक रूप से रोजा खोला। यहां पर छोटे बच्चे भी शामिल हुए, जिन्होंने इस साल अपना पहला रोजा रखा। उनके परिवारजनों ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और हौसला बढ़ाया।
शाही जामा मस्जिद में सामूहिक इफ्तार का यह नजारा देखने लायक था, जहां हजारों की संख्या में लोग रोजा खोलने के लिए पहुंचे। इस दौरान एकजुटता और भाईचारे का संदेश भी दिया गया। रोजा इफ्तार के बाद लोगों ने देश, प्रदेश और बुरहानपुर जिले में सुख-समृद्धि और शांति की विशेष दुआ की।
इफ्तार में उमड़ा जनसैलाब
हर साल रमजान के आखिरी दिनों में शाही जामा मस्जिद में हजारों की तादाद में रोजेदार इफ्तार के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी 26वें रोजे पर भारी भीड़ उमड़ी। सभी ने मिलकर रोजा खोला और खासकर जिले में अमन-चैन बनाए रखने के लिए अल्लाह से दुआ मांगी।
पहला रोजा रखने वाले बच्चों का सम्मान
रमजान का पहला रोजा रखने वाले बच्चों का उनके परिवार वालों ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान बच्चों के हौसले को बढ़ाने के लिए विशेष दुआएं की गईं।